DIG अजय कुमार साहनी ने सोमवार को बरेली रेंज के चारों जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में जिले के टॉप-10 अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के अनुसार निर्धारित अपराध की समीक्षा की।
डीआईजी ने कार्यालय में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के एसएसपी और एसपी के साथ समीक्षा बैठक में आपराधिक प्रकरण, माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करते हुए पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने गुंडा अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम, सशस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर के तहत की गई कार्रवाई, महिला उत्पीड़न, थानों के मालों के निस्तारण की स्थिति, थानों में दाखिल वाहनों के निस्तारण की स्थिति, थानों के निरीक्षण एवं अर्दली रूम की समीक्षा की। इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस फीडिंग की स्थिति, सड़क दुर्घटना बाहुल्य (ब्लैक स्पाट) स्थानों के चिह्नीकरण, सड़क दुर्घटनाओं का संख्यात्मक आंकड़ों की समीक्षा की।
इसके अलावा हत्या-लूट, स्नेचिंग, नकबजनी, वाहन चोरी, फिरौती, डकैती, बलात्कार, दहेज हत्या, पॉक्सो एक्ट, अपहरण, एनडीपीएस, धर्मांतरण और सांप्रदायिक संघर्ष के अभियोगों की स्थिति जानी। साइबर थाने के अतिरिक्त अन्य थानों पर साइबर अपराध से संबंधित कार्रवाई के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।