Friday, October 30, 2026

शाहजहांपुर: ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ पर निबंध प्रतियोगिता

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 8, 2026

शाहजहांपुर: ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ पर निबंध प्रतियोगिता

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को आर्य महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ रहा। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुरचना त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुआ।

प्रतियोगिता में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी छात्राओं शिवानी गौतम, श्रद्धा महाजन, राखी यादव, सीमा वर्मा, दिव्यज्योति वर्मा, प्रज्ञा सक्सेना, इशिता कुशवाहा, आकांक्षा भारती, गोल्डी, यशी, काजल, नैना, पूर्णिमा शुक्ला सहित अन्य छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने निबंधों के माध्यम से मताधिकार के महत्व और लोकतंत्र में युवा मतदाताओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

युवा मतदाताओं की भूमिका पर दिया जोर

निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवा मतदाताओं से मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। निबंधों के माध्यम से देश के विकास में मतदान की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। छात्राओं ने ‘देश के विकास में अवश्य दें योगदान, हर हाल में करें अपना अमूल्य मतदान’ जैसे प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

सीमा वर्मा ने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिता में सीमा वर्मा ने प्रथम, आकांक्षा भारती ने द्वितीय और इशिता कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के भावेश मिश्रा और अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. मनोरमा शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रोफेसर सुरचना त्रिवेदी ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी पारुल यादव तथा अनुराधा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.