उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सूथा स्थित देवस्थान में दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करने का दावा किया। पुलिस ने घटना में वांछित आरोपी सुमित कुमार सिंह (35) निवासी ग्राम सूथा को तड़के करीब 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को कठिना नदी पुल से मझिला की ओर करीब 50 कदम की दूरी पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी मंदिर में स्वयं रहना चाहता था और इसी को लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
रात में सो रहे साधुओं पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि एक अक्टूबर की रात देवस्थान में बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास सो रहे थे। इसी दौरान उसने लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने पुलिस से साक्ष्य छिपाने के लिए दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही जलाने का प्रयास किया।
बताया गया कि मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी का इस्तेमाल शवों को जलाने में किया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड को झाड़ियों में छिपा दिया और वहां से निकलकर कठिना नदी के जंगल में जाकर छिप गया।
दिल्ली जाने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। वह दिल्ली जाने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली और टीम ने घेराबंदी कर उसे कठिना नदी पुल के पास से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से लोहे की रॉड बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में खुदागंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आठ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे जारी है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।