Friday, October 30, 2026

शाहजहांपुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, डीएम ने रैली को दिखाई हरी झंडी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 1, 2026

शाहजहांपुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, डीएम ने रैली को दिखाई हरी झंडी

जागरण टुडे, शाहजहांपुर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्टूबर तक और दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।


अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता को लेकर गतिविधियां संचालित की जाएंगी। नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खुले में शौच की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज और ग्राम विकास विभाग साफ-सफाई, हाथ धोने, शौचालय के प्रयोग, जल निकासी तथा तालाबों और झाड़ियों की सफाई पर जोर देगा। स्वास्थ्य विभाग बुखार और संचारी रोगों की निगरानी के साथ रोगियों के परिवहन, कोविड जांच व टीकाकरण, क्षय रोग की जांच-उपचार और वेक्टर नियंत्रण की गतिविधियां संचालित करेगा।


बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण और पुष्टाहार वितरण करेगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों में स्वच्छता, हाथ धुलाई और शौचालय के प्रयोग के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करेगा। पशुपालन विभाग पशुपालकों को जागरूक करने के साथ सुअर बाड़ों को आबादी से दूर रखने पर जोर देगा।

कृषि, सिंचाई और उद्यान विभाग जलभराव रोकने, नहरों के आसपास सफाई और मच्छर-विकर्षी पौधों के रोपण का काम करेगा। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र को सुदृढ़ करने और जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगा।

डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को अभियान का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.