उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तिलहर क्षेत्र में करीब 24 घंटे से जारी बारिश के कारण कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। ढकिया रघा गांव में बारिश के चलते कई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के समय इन मकानों में लोग मौजूद नहीं थे। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
ढकिया रघा गांव में पूर्व प्रधान अनिल कुमार का दो मंजिला मकान भी बारिश की चपेट में आकर ढह गया। इसके अलावा समसुल हसन और नन्हे गुप्ता के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद समसुल हसन को परिवार के साथ तिरपाल के सहारे रहने को मजबूर होना पड़ा। लगातार बारिश के बीच ग्रामीणों को अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
18 घंटे से बिजली गुल, पानी की व्यवस्था भी प्रभावित
भारी बारिश के बीच क्षेत्र में करीब 18 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली न होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। मोबाइल फोन चार्ज करने से लेकर घरों में पानी की व्यवस्था तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई घरों में इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र के पावर हाउस में भी बारिश का पानी भर गया है। इसके चलते बिजली आपूर्ति बहाल करने में परेशानी आ रही है। लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
खेतों में बिछी धान की पकी फसल, कटाई पर भी संकट
लगातार बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल तेज बारिश और पानी के कारण जमीन पर बिछ गई है। कई खेतों में जलभराव होने से कंबाइन मशीनों का पहुंचना मुश्किल हो गया है। ऐसे में तैयार फसल की कटाई प्रभावित हो रही है।
किसानों को आशंका है कि खेतों में अधिक समय तक पानी जमा रहने से पकी धान की फसल खराब हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और जलभराव का सिलसिला जारी रहा तो मकानों के साथ फसलों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता है। किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कराकर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
मुर्गे की दुकान का लिंटर भरभराकर गिरा
लगातार बारिश के बीच शनिवार को शाहजहांपुर में बंगले के नीचे रहमत होटल के सामने स्थित मुर्गे की दुकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। लिंटर गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण दुकान की संरचना कमजोर हो गई थी। इसी वजह से लिंटर अचानक नीचे आ गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
लिंटर गिरने से दुकान का सामान भी प्रभावित हुआ। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा देखा और दुकान संचालक को घटना की जानकारी दी। लगातार बारिश के कारण जर्जर और कमजोर भवनों को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बारिश ने बढ़ाई प्रशासन के सामने चुनौती
लगातार बारिश के कारण शाहजहांपुर के कई हिस्सों में हालात प्रभावित हुए हैं। कहीं मकानों को नुकसान पहुंचा है तो कहीं जलभराव के कारण आवागमन और खेती का काम प्रभावित हो रहा है। पेड़ गिरने और भवनों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं ने भी लोगों की परेशानी बढ़ाई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वे कराने, जलभराव वाले स्थानों से पानी निकलवाने और किसानों को फसल क्षति के अनुसार राहत दिलाने की मांग की है। वहीं, कमजोर और जर्जर मकानों को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत बताई जा रही है।