भारतीय युवा कांग्रेस ने छात्र समस्याओं को लेकर शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी एडवोकेट ने किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सेमेस्टर फीस, छात्रवृत्ति फॉर्म, छात्रावास और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा छात्राओं के लिए गर्ल्स कॉमन रूम, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई। युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव वीके मौर्या को मांग पत्र सौंपा। इसमें छात्र सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।