उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आयोजकों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी धार्मिक आयोजन श्रद्धा, मर्यादा और गरिमा के साथ कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि दशहरा आयोजनों के दौरान किसी भी तरह की अश्लीलता अथवा अश्लील नृत्य पाए जाने पर संबंधित आयोजक या जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रमों की प्रकृति और प्रस्तुतियों पर विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा और अग्निशमन के इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधि या किसी भी तरह की परेशानी की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
जिलाधिकारी ने आयोजकों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।