जागरण टुडे, शाहजहांपुर
जनपद शाहजहांपुर के मूड़ा हारिस गांव निवासी सदफ सिद्दीकी पुत्री मो. आरिफ ने यूजीसी नेट परीक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए क्वालीफाई कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सदफ की सफलता की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल हो गया। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सदफ सिद्दीकी ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। यूजीसी नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल करना उनकी शैक्षणिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
गांव की अन्य बेटियों को मिलेगी प्रेरणा
सदफ की सफलता से ग्रामीणों में भी उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है। ग्रामीणों ने कहा कि सदफ की उपलब्धि गांव की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
परिजनों ने बताया कि सदफ ने पढ़ाई के दौरान नियमित अध्ययन और मेहनत को अपनी प्राथमिकता बनाए रखा। उनकी सफलता पर परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए आगे भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।