यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा के सत्यापन और यातायात नियमों के पालन को लेकर खिरनीबाग चौराहा और बरेली मोड़ पर अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों और वाहनों से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, वाहन स्वामी के आधार कार्ड और आरसी समेत अन्य अभिलेखों का ऑनलाइन सत्यापन किया गया। पुलिस ने कुल 130 ई-रिक्शों का सत्यापन किया।
नियम तोड़ने पर 40 के चालान, एक ई-रिक्शा सीज
जांच के दौरान एक ई-रिक्शा में बेतरतीब तरीके से लोहे की रॉड ले जाते हुए पाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को सीज कर दिया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित मार्गों पर ही वाहन संचालित करने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने चालकों को आवश्यक अभिलेख साथ रखने और नियमों के अनुसार ही वाहन चलाने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार सभी ई-रिक्शों का सत्यापन पूरा होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से सत्यापन के दौरान सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।