नौरथा गांव में खेतों के किनारे बने मकानों को बनाया निशाना, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सदर कोतवाली क्षेत्र के नौरथा गांव में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन मकानों में नकब लगा दी। खेतों के किनारे स्थित मकानों को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान समेट ले गए। वारदात के बाद पुलिस की सक्रियता जरूर नजर आई, फील्ड यूनिट पहुंची, डॉग स्क्वायड आया और अब चोरों की तलाश में ड्रोन भी खेतों के ऊपर उड़ रहा है।
गांव निवासी रेशमा पत्नी स्वर्गीय रामनरेश रविवार रात अपनी बेटी रवीना के साथ मकान के बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान चोर खेत की ओर से कच्ची दीवार में नकब लगाकर घर में दाखिल हो गए। कमरे में रखे बक्से को खंगालकर चोर दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी कुंडल, नाक की बेसर, कमरधनी और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने पास के दो बंद मकानों को भी निशाना बनाया। इनमें एक मकान पातीराम का है, जो लंबे समय से पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं। दूसरा मकान इंद्रपाल का है, जो एक सितंबर से लखनऊ में हैं। दोनों मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वहां भी चोरी की।
एक साथ तीन मकानों में चोरी की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस बल के साथ फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और ड्रोन टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड ने चोरों के भागने की दिशा तलाशने का प्रयास किया। इसके बाद आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों को ड्रोन कैमरे से खंगाला जा रहा है।
वारदात ने गांव के लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि चोर एक नहीं, बल्कि लगातार तीन मकानों को निशाना बनाकर निकल गए और पुलिस को उनकी तलाश के लिए अब खेतों की हवाई निगरानी करनी पड़ रही है।
कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम घटना के खुलासे के प्रयास में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।