16 वर्षीय मेधावी छात्रा अनन्या का छात्रावास में मिला था शव, फॉरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच के लिए जुटाए नमूने
थाना सिढपुरा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में कक्षा 10 की छात्रा अनन्या (16) का शव फंदे से मिलने के मामले में जांच के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई है। जांच में सामने आया कि घटना के समय छात्रावास की वार्डन ड्यूटी पर मौजूद नहीं थीं। उनकी जगह वार्डन की बेटी छात्रावास की जिम्मेदारी संभाल रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने वार्डन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भेज दी है।
अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव सिढपुरा निवासी निर्दोष मिश्रा की पुत्री अनन्या कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थी। वह पीआर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी और छात्रावास के कमरा नंबर-14 में तीन अन्य छात्राओं के साथ रहती थी। बुधवार सुबह जब अन्य छात्राएं कॉलेज पहुंच गईं और अनन्या अनुपस्थित मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी पर एसडीएम पटियाली आतीश कुमार, सीओ अमित कुमार, नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना, बीएसए विकास सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं और विद्यालय स्टाफ से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना आया है। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच में खुली लापरवाही की परतें
जांच के दौरान पता चला कि छात्रावास की वार्डन राधा सक्सेना अवकाश पर थीं। कागजों में उनका प्रभार सुनीता के नाम दर्ज था, लेकिन मौके पर छात्रावास का संचालन राधा सक्सेना की बेटी मढ़ी सक्सेना कर रही थी। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए वार्डन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति बीएसए को भेज दी है।
हैंडराइटिंग मिलान के लिए काँपिया जब्त
गुरुवार को फॉरेंसिक टीम छात्रा के परिजनों के साथ छात्रावास पहुंची। टीम ने कमरे से छात्रा की नोटबुक और अन्य कॉपियां कब्जे में लेकर सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग से मिलान के लिए सुरक्षित कर ली हैं।
महिला आयोग और एसपी ने भी की जांच
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने भी छात्रावास पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल थी अनन्या
विद्यालय की प्रधानाचार्य जयवंती शुक्ला और कक्षा शिक्षक सुरजीत ने बताया कि अनन्या पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट छात्रा थी। उसने कक्षा 9 में सभी सेक्शन में प्रथम स्थान प्राप्त किया था तथा निबंध और कबड्डी प्रतियोगिताओं में भी कई पुरस्कार जीते थे। बेहतर प्रदर्शन के लिए 9 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उसे प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया था।
अब छात्रा की मौत के साथ-साथ छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था, वार्डन की अनुपस्थिति और नियमों के उल्लंघन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।