रात डेढ़ बजे हुआ दर्दनाक हादसा, एसडीएम, सीओ व नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण, पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा। थाना क्षेत्र के ग्राम ढूढरा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दहलीज की छत भरभराकर गिर गई। छत के नीचे सो रहे पिता-पुत्र मलबे में दब गए। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशर्फीलाल पुत्र नागरी प्रसाद सक्सैना शनिवार रात अपने पुत्र सुरेन्द्र के साथ दहलीज में सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे अचानक दहलीज की छत भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों मलबे में दब गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला। तब तक अशर्फीलाल की मौत हो चुकी थी, जबकि सुरेन्द्र घायल अवस्था में मिला।
बताया गया कि हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 और सिढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर पटियाली क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, उपजिलाधिकारी आतिश कुमार एवं नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपजिलाधिकारी आतिश कुमार ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर शासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक अशर्फीलाल अपने पीछे छह पुत्र—राजेन्द्र, मुन्ना, सुरेन्द्र, नरेन्द्र, विजेन्द्र और रवेन्द्र—का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।