राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज में नशा मुक्त भारत संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)
राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज में ‘नशा मुक्त भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से संवाद एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे के कारण व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता प्रभावित होने के साथ ही पारिवारिक संबंधों और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए जागरूकता को नशामुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के खिलाफ स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत संकल्प के साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी.के. प्रधान ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से बचेंगे तो स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।
इस अवसर पर डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. विजय कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।