जनपद के लिए विकास और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा मिलने के बाद अब बदायूँ और उझानी क्षेत्र के लोगों को राजधानी लखनऊ तक भी सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने बदायूँ स्थित फोर लीफ में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 26 जुलाई 2026 को उझानी रेलवे स्टेशन से उझानी–बदायूँ–ऐशबाग (लखनऊ) उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी (संख्या 05018) को दोपहर 12 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही 15312/15311 कासगंज–ऐशबाग–कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन भी शुरू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी दोपहर 12 बजे उझानी से प्रस्थान कर 12:15 बजे बदायूँ पहुंचेगी और 12:17 बजे आगे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग (लखनऊ) पहुंचेगी। इस नई रेल सेवा से बदायूँ, उझानी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी लखनऊ तक पहली बार सीधी और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
बी.एल. वर्मा ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन का शुभारंभ नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही जनपदवासियों की मांग पूरी होने का ऐतिहासिक अवसर है। इस रेल सेवा का लाभ विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों तथा आम यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बदायूँ को दिल्ली के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस की सुविधा मिली थी और अब लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होना जनपद के विकास की दिशा में दूसरी बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की बेहतर कनेक्टिविटी और रेलवे विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों का विकास, विद्युतीकरण, नई रेल सेवाओं का विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से बदायूँ सहित पूरे क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिल रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से बदायूँ और उझानी क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। राजधानी लखनऊ तक सीधी रेल सेवा मिलने से लोगों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक होगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा भारतीय रेल का जनपदवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए इस ऐतिहासिक रेल सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।