Thursday, July 30, 2026

KASGANJ: अब आसमान से रहेगी जुआरियों पर नजर! ड्रोन कैमरे से नौरथा के बागों में पुलिस का पहरा... मचा हड़कंप

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 25, 2026

KASGANJ: अब आसमान से रहेगी जुआरियों पर नजर! ड्रोन कैमरे से नौरथा के बागों में पुलिस का पहरा... मचा हड़कंप

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

अवैध जुए के कारोबार पर लगाम कसने के लिए कासगंज पुलिस ने अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौरथा और उसके आसपास के बागों में लंबे समय से जुआ खेले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरे के जरिए पूरे इलाके की निगरानी कराई। आसमान में उड़ते ड्रोन को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में दिनभर इसकी चर्चा होती रही।


पुलिस के अनुसार ग्रामीणों की ओर से लगातार सूचना मिल रही थी कि नौरथा के बागों में चोरी-छिपे जुए की फड़ सजाई जाती है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज के निर्देशन में पुलिस टीम ने पारंपरिक गश्त के बजाय हाईटेक रणनीति अपनाई और ड्रोन कैमरे से संदिग्ध स्थानों की बारीकी से निगरानी की।


ड्रोन कैमरे की मदद से बागों, सुनसान स्थानों और संभावित जुआ अड्डों पर नजर रखी गई, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान करना आसान हो सके। पुलिस का मानना है कि इस तकनीक से न केवल जुआरियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, बल्कि भविष्य में ऐसे अवैध अड्डों पर समय रहते कार्रवाई भी संभव होगी।


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का लगातार उपयोग किया जा रहा है। जुआ, सट्टा या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.