जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने सोरों थाना क्षेत्र के लहरा गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा कांवड़ यात्रा में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत कर संभावित समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घाट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्नान के लिए निर्धारित क्षेत्र में बैरिकेडिंग करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत घाट पर अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा घाट और कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ेदानों की व्यवस्था तथा स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।