जागरण टुडे, मथुरा।
लखनऊ अग्निकांड के बाद होटल उद्योग में सुरक्षा मानकों के पालन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर बुधवार को बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में मथुरा-वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में होटल संचालकों, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उद्योग से जुड़ी समस्याओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। हाल की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लापरवाही के कारण जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि शासन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने नेशनल बिल्डिंग कोड और अग्निशमन नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि भवन की ऊंचाई और श्रेणी के अनुसार सुरक्षा मानक निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने होटलों के स्वीकृत नक्शे में यदि कोई परिवर्तन नहीं किया गया है तो नियमानुसार निरीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने होटल पंजीकरण की प्रक्रिया और उससे संबंधित औपचारिकताओं की जानकारी देते हुए सभी संचालकों से समय पर पंजीकरण कराने और आवश्यक मानकों का पालन करने की अपील की।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष सिंह तथा सहायक नगर आयुक्त नीरज कुमार ने होटल एवं व्यापार उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि होटल उद्योग की समस्याओं का स्थायी समाधान प्रशासन, होटल संचालकों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से उद्योग की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की।
बैठक में होटल संचालकों और व्यापारियों ने फायर एनओसी, भवन मानकों, होटल पंजीकरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। साथ ही होटलों को सील न किए जाने की मांग भी की। इस पर अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही एक और संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक का संयुक्त संचालन एसोसिएशन के सचिव आर.बी. चौधरी और व्यापारी नेता शशिभानु गर्ग ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में होटल एवं व्यापार उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।