Thursday, July 30, 2026

KASGANJ: मीना देवी हत्याकांड मे शामिल 25-25 हजार के दो इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 18, 2026

KASGANJ: मीना देवी हत्याकांड मे शामिल 25-25 हजार के दो इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली, तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। थाना सिकन्दरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम कादरगंज में हुए चर्चित मीना देवी हत्याकांड में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने पुलिस घेराबंदी के दौरान फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। मौके से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


यह मामला 6 जुलाई 2026 का है, जब ग्राम कादरगंज निवासी एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर 8 जुलाई को थाना सिकन्दरपुर वैश्य में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद 14 जुलाई को पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद हुआ। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और दो आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 और 18 जुलाई की मध्यरात्रि थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महिला हत्याकांड में वांछित दोनों इनामी आरोपी मोटरसाइकिल से पटियाली की ओर से कादरगंज किसी सामान की खरीदारी के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।


पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह के अनुसार संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने स्वयं को घिरा देख पुलिस टीम पर अवैध तमंचों से जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी शोएब के दाहिने पैर तथा आफताब के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय कासगंज रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आफताब पुत्र जमील एवं शोएब पुत्र सगीर खां, निवासी ग्राम कादरगंज, थाना सिकन्दरपुर वैश्य, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिकन्दरपुर वैश्य में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बरामद अवैध असलहों एवं कारतूसों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंचल सिरोही, उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी राकेश, कांस्टेबल गजेंद्र, आरक्षी रॉबिन, आरक्षी सतेंद्र तथा आरक्षी आलोक शामिल रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.