जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सोरों पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेला ग्राउंड के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में छापा मारकर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 1 हजार 20 रुपये नकद, पांच मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में 16 जुलाई की शाम यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत महाकाल पुत्र महेशचंद, अतुल कुमार पुत्र विजय कुमार, मनीष पुत्र योगेशचंद, आदर्श पुत्र ओम शिव, सोहेल पुत्र फारुख, रोहताश कुमार पुत्र मुन्नालाल शर्मा तथा अंशुल पुत्र योगेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सोरों में मु0अ0सं0 268/2026 के तहत उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहताश कुमार, प्रशांत महाकाल और मनीष के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, लूट, धोखाधड़ी, जुआ, विद्युत अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह, उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी (चौकी प्रभारी कस्बा सोरों), उपनिरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, कांस्टेबल प्रशांत कुमार, रूपेश कुमार, विकास आर्य, नवीन कुमार, निशांत कुमार, रूचिन अधाना तथा रामनिवास शामिल रहे। पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर बरामदगी सुनिश्चित की।
पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।