पटियाली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को उपजिलाधिकारी पटियाली आतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के पुनर्गठन (संभाजन) के संबंध में तैयार की गई मतदेय स्थलों की सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करना था।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, उनका पुनर्गठन किया जा रहा है। अंतिम सूची प्रकाशित होने से पहले सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। हालांकि बैठक में उपस्थित किसी भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि ने सूची पर कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत नहीं किया।
एसडीएम ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 102 पटियाली में वर्तमान में 277 मतदान केंद्र तथा प्रस्तावित सूची के अनुसार 401 मतदेय स्थल हैं।
बैठक में नायब तहसीलदार रोहित प्रकाश सक्सेना, डाटा एंट्री ऑपरेटर चरन सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भाजपा से डॉ. शिवप्रताप, बाबूराम राजपूत एवं पृथ्वीराज सिंह गौतम, बसपा से बबलू गौतम, मुहम्मद हसन एवं राजीव दिवाकर, समाजवादी पार्टी से मु. शाहिद, अरविंद मौर्य, चंदन पांडेय एवं नितिन यादव, तथा कांग्रेस से जिला सचिव राजेश कुमार सक्सेना शामिल रहे।
बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।