Thursday, July 30, 2026

मुड़िया पूर्णिमा मेला: डीएम ने रेलवे अधिकारियों को दिए निर्देश, बढ़ेंगी ट्रेनें, स्टेशन सजेंगे

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 15, 2026

मुड़िया पूर्णिमा मेला: डीएम ने रेलवे अधिकारियों को दिए निर्देश, बढ़ेंगी ट्रेनें, स्टेशन सजेंगे

जागरण टुडे, मथुरा

मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, स्टेशनों की सजावट, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए और यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के लिए ट्रेनों का प्लेटफॉर्म पर ठहराव समय भी बढ़ाया जाए। उन्होंने स्टेशनों पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने मथुरा जंक्शन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर सजावट, तिरंगा लाइटिंग और झालरों की व्यवस्था करने के साथ-साथ सेल्फी प्वाइंट विकसित करने को कहा। इसके अलावा दोनों स्टेशनों के सभी एंट्री पॉइंट पर होल्डिंग एरिया बनाने और ओवरब्रिजों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने गोवर्धन फाटक को निर्धारित मानकों के अनुसार सीमित समय के लिए बंद करने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो। श्रद्धालुओं के ट्रेन का इंतजार करने के लिए अस्थायी कैंप लगाने, ट्रेनों की जानकारी का लगातार उद्घोषणा करने और बिना आवश्यकता प्लेटफॉर्म बदलने से बचने के निर्देश भी दिए गए।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने तथा स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने स्टेशन पर संचालित दुकानों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने और मिलावटी, दूषित या एक्सपायरी सामग्री बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित करने, दिशा-सूचक बोर्ड लगाने तथा ऑटो, टेंपो और बसों के लिए पूर्व निर्धारित रूट तय करने को कहा। साथ ही नियमित दूरी पर वाहनों की एंट्री नियंत्रित कर यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा तथा रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.