पटियाली (कासगंज)। पटियाली कस्बे में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदे भारत पेट्रोलियम के ट्रक की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पटियाली कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला खिन्नी निवासी ईश्वर दयाल (55) पुत्र हीरालाल मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मुख्य चौराहे से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अलीगंज रोड स्थित जगदीश स्वरूप धर्मशाला के पास पीछे से आए एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदे भारत पेट्रोलियम के ट्रक संख्या UP 82 BT 0774 ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं तहसीलदार रामनयन सिंह और नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है और पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।