जागरण टुडे, शाहजहांपुर।
गोद भराई समारोह से परिवार के साथ घर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार देर रात करीब दो बजे कलान थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव के पास हुआ। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मक्के से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के उगैनी गांव निवासी नेहा (18) अपने ममेरे भाई हरिओम की गोद भराई में शामिल होने परिवार के साथ पीलीभीत जिले के करेली थाना क्षेत्र गई थी। शनिवार शाम समारोह संपन्न होने के बाद परिवार बोलेरो से वापस बदायूं लौट रहा था। देर रात जब उनकी गाड़ी कलान थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मक्के से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बोलेरो में साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। खिड़की के पास बैठी नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नेहा के पिता, ममेरा भाई हरिओम, मां शकुंतला सहित चार लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, नेहा कक्षा 11 की छात्रा थी। वह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है।