एक साल पहले महिला आयोग सदस्य ने शासन स्तर पर पहल की थी, फिर भी इंटरमीडिएट की मान्यता अब तक अधर में
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के सुदामापुरी रोड स्थित नगर पालिका कन्या पाठशाला की बनी नई इमारत धीरे-धीरे अपने उद्देश्य की पूर्ति का इंतजार करते-करते अब जर्जर होने लगी है। लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया भवन छात्राओं की चहल-पहल का केंद्र बनने के बजाय वर्षों से इंटरमीडिएट (12वीं) की मान्यता का इंतजार कर रहा है। इसका सबसे बड़ा खामियाजा क्षेत्र की बेटियों को उठाना पड़ रहा है, जिन्हें हाईस्कूल के बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए दूसरे विद्यालयों का सहारा लेना पड़ता है। कई छात्राओं की शिक्षा आर्थिक और सामाजिक कारणों से बीच में ही छूट जाती है।