वृंदावन। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से राजकीय बालिका गृह, वृंदावन में एक माह के निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं परमार्थ सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रोबेशन विभाग, खजानी वेलफेयर सोसाइटी तथा श्रीमती सीता देवी तापड़िया चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया। पिछले एक माह से राजकीय बालिका गृह में रह रही करीब 80 बालिकाओं को निःशुल्क ब्यूटी एवं स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान हेयर स्टाइलिंग, वैक्सिंग, फेशियल सहित सौंदर्य से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक कौशल सिखाए गए, ताकि बालिकाएं भविष्य में स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि बेटियों को हुनरमंद बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बालिका गृह में रहने वाली बच्चियों के खाली समय का उपयोग कौशल विकास गतिविधियों में किया जाना चाहिए, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ सम्मानजनक जीवन जी सकें और आर्थिक रूप से भी सशक्त बनें।
ट्रस्ट की डायरेक्टर शिप्रा राठी ने बताया कि संस्था भविष्य में भी बालिका गृह की बेटियों के लिए कौशल विकास और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का सफल संचालन कौशल शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन विभाग के सहयोग से ट्रस्टी रचना राठी, राधिका खेतान एवं शिप्रा राठी द्वारा किया गया था।
समारोह के दौरान जिला प्रोबेशन विभाग एवं खजानी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सभी बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र, प्रभारी प्रगति खरे, गायत्री मिश्रा, सोनम, अरुण कुमार सोनकर, मोहित वर्मा, लक्ष्मी लता, रजनीश सैनी, पूजा देवी, अनिल कुमार सिंह, अजय कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।