मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले 'संभव' (संतुष्टि एवं समृद्धि) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर निगम के विभिन्न जोनल कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान नगर आयुक्त जग प्रवेश ने भूतेश्वर स्थित नगर निगम मुख्यालय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि सिटी जोन जनरल गंज कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार तथा वृंदावन जोनल कार्यालय में अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक ने जनसुनवाई कर शिकायतों का निस्तारण कराया।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
भूतेश्वर जोन में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तीन शिकायतें अतिक्रमण और तीन स्ट्रीट लाइट से संबंधित थीं। लाइट से जुड़ी दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू करा दी गई।
सिटी जोन में दो शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें एक सफाई और एक टैक्स से संबंधित थी। दोनों शिकायतों का जनसुनवाई के दौरान ही समाधान कर दिया गया।
वृंदावन जोन में चार शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें दो टैक्स और दो जलकल विभाग से संबंधित थीं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाई जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, कल्पना सिंह चौहान, अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता निर्माण अमरेंद्र गौतम, सहायक अभियंता जल हेमेंद्र गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।