मथुरा। मुख्य विकास अधिकारी धिकारी (सीडीओ) डॉ. पूजा गुप्ता ने सोमवार को महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्तपोषित नगला रामताल, वृंदावन स्थित निर्माणाधीन प्लेस ऑफ सेफ्टी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
यह परियोजना मुख्यमंत्री बाल आश्रय योजना के अंतर्गत तैयार की जा रही है। करीब 14.79 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक परिसर में 100 अपचारी किशोरों के सुरक्षित आवास और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी। परियोजना के तहत 100 बालकों के आवास के लिए एक मुख्य भवन के साथ किशोर न्याय से संबंधित स्वतंत्र भवन का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिससे किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य फरवरी 2026 से लगातार जारी है और इसके मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। सीडीओ ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, तकनीकी गुणवत्ता तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (अलीगढ़ यूनिट) के अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि ऐसे किशोरों के पुनर्वास, संरक्षण और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समय पर निर्माण पूरा होने से किशोर न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना से भी सीडीओ को अवगत कराया।