जागरण टुडे, शाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार रात चौक कोतवाली क्षेत्र की पट्टी गली में ई-रिक्शा पर जा रही एक महिला को लुटेरे ने निशाना बना लिया। लुटेरा महिला के कान से सोने का कुंडल लूटने के बाद संकरी गली में होकर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरा फरार हो चुका था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महिला सोमवार रात करीब आठ बजे ई-रिक्शा से सरोदी बंगला की ओर जा रही थी। जैसे ही ई-रिक्शा पट्टी गली में पहुंचा, पहले से घात लगाए एक उचक्का तेजी से महिला के पास पहुंचा और उसके कान से सोने का एक कुंडल झपट लिया। झपटमारी के दौरान महिला संभल भी नहीं पाई और आरोपी पलभर में गली की ओर भाग निकला।
महिला के शोर मचाने पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने आरोपी की तलाश का प्रयास किया, लेकिन वह संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई।
वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में झपटमारी और उचक्कागिरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं और राहगीरों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित महिला की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।