बूथ स्तर को मजबूत करने, जनता के बीच पहुंचने और संगठन को धार देने पर दिया जोर
जागरण टूडे, अनवर खांन, सहावर/कासगंज।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सहावर कस्बे के सोरों रोड स्थित अपने आवास पर पटियाली विधानसभा क्षेत्र की समाजवादी पार्टी की विधायक नादिरा सुल्तान ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नादिरा सुल्तान ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की सबसे मजबूत कड़ी बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनता के बीच जाएं और समाजवादी पार्टी की नीतियों, जनहितकारी योजनाओं तथा पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। यदि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ मेहनत करेंगे तो वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसान, नौजवान, मजदूर और आम जनता के हितों की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पटियाली विधानसभा अध्यक्ष मनेंद्र शाक्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रांजल यादव, असहाब हुसैन, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष तारिक मंसूरी, गंजडुंडवारा नगर अध्यक्ष निर्दोष तिवारी, पुष्पेंद्र यादव, रामधन यादव, ललित मिश्रा, आरिफ, हिकमत, वाहिद, मुफीद, संदीप यादव, अभिषेक यादव, उर्वेश यादव, दीपक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।