जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के एटा रोड स्थित मेमड़ा गांव के गेट (मेमड़ा मोड़) पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों एटा से दवा लेकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान धनीराम (50) पुत्र सरवन एवं अनिल (50) पुत्र अहिवरन (फौजी) निवासी ग्राम विनोदपुर, थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर पड़े मृतकों के मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी। परिजनों ने बताया कि दोनों एटा दवा लेने गए थे और दवा लेकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।