Thursday, July 30, 2026

KASGANJ NEWS दहेज उत्पीड़न से त्रस्त विवाहिता ने फांसी लगाई, उपचार के दौरान मौत; भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दी तहरीर

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 3, 2026

KASGANJ NEWS दहेज उत्पीड़न से त्रस्त विवाहिता ने फांसी लगाई, उपचार के दौरान मौत; भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दी तहरीर


पति, सास, ससुर और ननदों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, पुलिस ने जांच शुरू की


जागरण टूडे, अर्पन राज कासगंज

हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपनी बहन की मौत के मामले में पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोतवाली सिकंदराराऊ में तहरीर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

करीमनगर, सिकंदराराऊ निवासी पंकज उपाध्याय पुत्र हंसराज द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उसकी बहन कोमल उर्फ मीनाक्षी उपाध्याय की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व कासगंज के सूत की मंडी निवासी अमित उपाध्याय पुत्र शिवकुमार उपाध्याय के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति अमित, ससुर शिवकुमार, सास तथा ननदें अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता था।

तहरीर में कहा गया है कि 28 जून 2026 को कोमल ने अपने भाई पंकज को फोन कर तत्काल ससुराल बुलाया। सूचना मिलते ही पंकज अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न से तंग आकर कोमल ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे तत्काल गंभीर अवस्था में अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई ने पति अमित उपाध्याय, ससुर शिवकुमार, सास और ननदों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न तथा आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.