'प्लास्टिक है पृथ्वी का भक्षक, प्लास्टिक हटाओ बनो रक्षक' के नारे के साथ विद्यार्थियों को किया जागरूक
जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
विश्व 'नो प्लास्टिक डे' के अवसर पर लायंस क्लब कासगंज द्वारा गुरुवार को जे.एल. पब्लिक स्कूल, आवास विकास कॉलोनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष विजय राजपूत ने की। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्टील की पानी की बोतलें और कपड़े के बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष विजय राजपूत ने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। प्लास्टिक कचरा सैकड़ों वर्षों तक नष्ट नहीं होता, जिससे मिट्टी और जल प्रदूषित होते हैं तथा विषैले रसायन वातावरण में फैलते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी और अन्य पेय पदार्थों के लिए प्लास्टिक की जगह स्टील, तांबे या कांच की बोतलों का प्रयोग करें तथा खरीदारी के लिए कपड़े के थैले अपनाएं।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक को जलाने या अधिक गर्म करने से निकलने वाली जहरीली गैसें श्वसन संबंधी बीमारियों का कारण बनती हैं। इसलिए प्लास्टिक का उपयोग कम करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से संकल्प दिलाया कि वे अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे। उन्होंने नारा दिया, "प्लास्टिक है पृथ्वी का भक्षक, प्लास्टिक हटाओ बनो रक्षक।"
कार्यक्रम में लक्ष्मीकांत चोला ने कहा कि "प्लास्टिक हटाओ, जीवन बचाओ और पर्यावरण को स्वच्छ बनाओ।" वहीं लाल सिंह वर्मा ने कहा कि आज की सबसे बड़ी समझदारी प्लास्टिक पर पूर्ण रोक लगाने में है। राम रक्षपाल सिंह ने कहा कि "एक ही नारा, एक ही लक्ष्य—राष्ट्र हो प्लास्टिक मुक्त।"
इस अवसर पर राजेंद्र बिड़ला, लक्ष्मीकांत चोला, राम रक्षपाल सिंह, अजय गुप्ता, अशोक मिश्रा, लाल सिंह वर्मा, शिवकुमार, विनोद कुमार, अनामिका, अलका, सुमन कुमारी, खुशी, महक, नंदिनी, ज्योति, हिमांशी, सुनीता, दिनेश प्रताप सिंह, आरती सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।