जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली (कासगंज)। जनपद कासगंज की पटियाली तहसील क्षेत्र के ग्राम सिद्ध नगर में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किसान की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। उपजिलाधिकारी पटियाली प्रदीप विमल एवं तहसीलदार रामनयन की मौजूदगी में राजस्व टीम ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिद्ध नगर निवासी बृजवासी लाल पुत्र चैन सुख ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 24 के अंतर्गत न्यायालय में वाद दायर किया था। मामले में गाटा संख्या 1916 की पक्की पैमाइश कर न्यायालय द्वारा आदेश पारित किया गया था, जिसका पूर्व में अनुपालन भी कराया गया था।
इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा शिकायतकर्ता की भूमि से कब्जा नहीं हटाया गया। इस पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल एवं तहसीलदार रामनयन के नेतृत्व में राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। राजस्व अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर किसान को उसकी भूमि का कब्जा दिलाया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने न्यायालय के आदेश का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सरकारी अथवा निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता बृजवासी लाल ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से वह अपनी भूमि का कब्जा पाने के लिए प्रयासरत थे, जिसे अब प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का पालन कराते हुए दिलाया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की।