51 सीएनजी कूड़ा वाहन, 6 रोबोटिक नाला सफाई मशीनें और 5 जेसीबी नगर निगम को सौंपीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। सर्किट हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नगर निगम के लिए खरीदे गए 51 सीएनजी कूड़ा कलेक्शन वाहनों, छह रोबोटिक नाला सफाई मशीनों और पांच जेसीबी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का संचालन शीघ्र शुरू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर ही बेहतर जीवन गुणवत्ता का आधार हैं। नगर निगम के बेड़े में शामिल किए गए नए सीएनजी वाहन और अत्याधुनिक मशीनें सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनाएंगी। इन संसाधनों से शहर में कूड़ा संग्रहण और नाला सफाई का कार्य पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
मजबूत होगी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नए सीएनजी वाहनों के संचालन से शहर के सभी 80 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। घरों से एकत्रित कूड़े को डलावघर और वहां से प्रोसेसिंग सेंटर तक वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से पहुंचाया जाएगा।
रोबोटिक मशीनों से होगी नालों की सफाई
नगर निगम को मिली छह रोबोटिक नाला सफाई मशीनों का उपयोग बड़े नालों की सफाई में किया जाएगा। इससे जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम होगी और सफाई कार्य अधिक सुरक्षित एवं तेज गति से संपन्न हो सकेगा। वहीं पांच नई जेसीबी मशीनें सफाई अभियान, मलबा हटाने और अन्य निर्माण संबंधी कार्यों में उपयोग की जाएंगी।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट जल्द होगा शुरू
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान शहर की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को सथरापुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट में मशीनों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है।