सोरों पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए आरोपी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोरों थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से एक दिन पहले लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात थाना सोरों क्षेत्र में पुलिस एवं एसओजी टीम संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को बदमाशों के क्षेत्र में होने की गोपनीय सूचना मिली।
चेकिंग के दौरान सहावर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी विशाल कश्यप पुत्र बंगाली निवासी ग्राम नौरथा, थाना कोतवाली कासगंज के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी अमृत पुत्र रमेश चंद्र निवासी मोहल्ला नवाब, कासगंज तथा गोविंद पुत्र दिनेश कुमार निवासी ग्राम गोयती, थाना सोरों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।
एसपी ओ पी सिंह के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके कब्जे से बरामद टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल थाना कोतवाली कासगंज क्षेत्र से एक दिन पूर्व लूटी गई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक के संबंध में आवश्यक सत्यापन किया। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना सोरों में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा लूटी गई एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम एवं एसओजी प्रभारी चंचल कुमार की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।