अनवर खांन, सहावर
जागरण टूडे, सहावर।
कस्बे में मोहर्रम का पर्व एवं ताजियों का जुलूस शांतिपूर्ण, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सहावर पुलिस का नागरिक अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। रविवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी थाना परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ सहित पूरी पुलिस टीम का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर व्यापारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सतर्कता, कुशल रणनीति और निरंतर निगरानी के कारण मोहर्रम का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। व्यापार मंडल संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला चेयरमैन मो. सलीम कुरैशी ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना किसी भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है, लेकिन थाना प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ के नेतृत्व में पुलिस ने पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा तथा स्थानीय नागरिकों और ताजिया कमेटियों के साथ समन्वय बनाकर ऐसा वातावरण तैयार किया, जिससे पूरे जुलूस के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। इससे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश भी मजबूत हुआ।
मो. सलीम कुरैशी ने थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस कर्मियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पुलिस का सहयोगात्मक एवं जनहितैषी रवैया आम जनता और व्यापारियों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करता है।
इस दौरान संजीव गुप्ता, साहिद, मिर्जा ग्यास बेग, अवधेश कुमार वर्मा, रामकिशोर वार्ष्णेय उर्फ बॉबी, रफीक अहमद, महेश गोला, शिवा गुप्ता, राहुल गोला, मो. समी टेलर, रघुवीर गोला, सतीश चंद्र वार्ष्णेय, चुन्ना वार्ष्णेय, साजिद सिद्दीकी, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि सहावर पुलिस ने जिस सजगता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है, वह सराहनीय है। भविष्य में भी पुलिस और जनता के बीच ऐसा ही सहयोग एवं विश्वास बना रहेगा।