Thursday, July 30, 2026

ब्रज की सेवा ही ठाकुरजी की सेवा, जनआंदोलन बना स्वच्छता महाअभियान

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 27, 2026

ब्रज की सेवा ही ठाकुरजी की सेवा, जनआंदोलन बना स्वच्छता महाअभियान

जागरण टुडे, मथुरा

 भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और संपूर्ण ब्रज मंडल को स्वच्छ, सुंदर और दिव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू किया गया "हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। ब्रह्मांड घाट से शुरू हुई यह मुहिम अब वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, बरसाना, नंदगांव, कोसीकलां, बाजना और राया सहित ब्रज के प्रमुख तीर्थस्थलों, परिक्रमा मार्गों और कस्बों तक पहुंच गई है।

जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की संयुक्त पहल से चल रहे इस अभियान की कमान स्वयं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संभाल रखी है। अभियान की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत की जाती है, जिसके आधार पर वह स्वयं समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। वहीं नगर आयुक्त जग प्रवेश मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

ब्रज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन ने स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि धार्मिक सेवा और सामाजिक दायित्व से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया है।

इसके तहत कोसीकलां नगर पालिका, गोवर्धन, गोकुल, बरसाना, बाजना, राया और नंदगांव नगर पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा श्री गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग, वृंदावन परिक्रमा, कोकिलावन सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और दिव्य वातावरण उपलब्ध हो सके।

इस महाअभियान में हार्टनेसफुल संस्था भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। संस्था के स्वयंसेवक नियमित रूप से श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद भी जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अभियान को लगातार गति दे रही है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक ब्रजवासी और श्रद्धालु का धार्मिक कर्तव्य है। यदि सभी लोग इसमें सहभागिता करेंगे तो ब्रज न केवल स्वच्छ बनेगा बल्कि विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान भी स्थापित करेगा। इसी उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है।

अभियान से समाज की प्रतिष्ठित हस्तियां भी जुड़ रही हैं। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने उज्ज्वल ब्रज संस्था के सदस्यों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया।

शनिवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत ने अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक के साथ अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ब्रज की स्वच्छता को जनआंदोलन बनाकर प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए।

गौरतलब है कि इस अभियान की रणनीति पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र तथा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में तैयार की गई थी। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शुरू किया गया यह अभियान अब पूरे ब्रज क्षेत्र में व्यापक जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.