Thursday, July 30, 2026

KASGANJ NEWS आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 26, 2026

KASGANJ NEWS आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल


जागरण टूडे, सहावर (कासगंज)।

थाना सहावर क्षेत्र के ग्राम फरौली के निकट शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा के नगला लोधी निवासी राजेंद्र (25) पुत्र जगन्नाथ तथा हसमुख (15) पुत्र हरपाल मोटरसाइकिल से सहावर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ग्राम सेती निवासी प्रशांत (28) पुत्र विजय की मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहावर पहुंचाया।


घायल युवक

सीएचसी में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राजेंद्र और प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हसमुख की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सहावर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लिया तथा मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कराने की मांग की है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.