अनावरण से पहले हुई घटना से क्षेत्र में मचा हड़कंप, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा; आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका
गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे।
वर्ष 2018 में कासगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता की प्रस्तावित प्रतिमा के अनावरण से पहले गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि एक अप्रिय घटना सामने आई। चंदन चौक पर स्थापित प्रतिमा, जिसका अभी औपचारिक अनावरण नहीं हुआ है और जिसे कपड़े से ढककर रखा गया था, उसके आवरण में आग लगा दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसने पुलिस के समक्ष सरेंडर भी कर दिया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। हालांकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया। एहतियात के तौर पर चंदन चौक और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
सदर क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने बताया कि गुरुवार देर रात कोतवाली कासगंज क्षेत्र के चंदन चौक पर प्रतिमा के आवरण में आग लगाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगाने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य शर्मा निवासी कस्बा सोरों, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस उसके परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही चिकित्सकीय रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
गौरतलब है कि 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान कासगंज में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें गोली लगने से चंदन गुप्ता की मौत हो गई थी। यह घटना प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी थी। उनकी स्मृति में चंदन चौक पर प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका औपचारिक अनावरण अभी होना शेष है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।