Thursday, July 30, 2026

KASGANJ NEWS सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से किसान नेता प्रवीन शर्मा की मुलाकात, किसानों और सोरों विकास के मुद्दे उठाए

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 25, 2026

KASGANJ NEWS सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से किसान नेता प्रवीन शर्मा की मुलाकात, किसानों और सोरों विकास के मुद्दे उठाए



गुड्डू यादव, जागरण टूडे

लखनऊ/कासगंज। जनपद कासगंज के किसान नेता प्रवीन शर्मा ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कासगंज जनपद के किसानों, मजदूरों और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की मांग की।



प्रवीन शर्मा ने बताया कि वह समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लंबे समय से किसान और जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव की विचारधारा से प्रभावित होकर वह किसानों और मजदूरों की आवाज को और मजबूती से उठाने के उद्देश्य से पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने का निर्णय ले रहे हैं।



मुलाकात के दौरान उन्होंने कासगंज के किसानों की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के किसान सिंचाई संकट, फसलों के उचित मूल्य न मिलने, आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान, बेरोजगारी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि इन मुद्दों को विधानसभा और संसद में प्रभावी ढंग से उठाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।



प्रवीन शर्मा ने सोरों सूकरक्षेत्र (सोरों तीर्थ नगरी) के विकास का विषय भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाली इस नगरी को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया है। उन्होंने पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष योजना बनाए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के रूप में सोरों के महत्व को सदन में उठाने और इस संबंध में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

प्रवीन शर्मा ने बताया कि उन्हें अखिलेश यादव का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कासगंज लौटने के बाद वह अपने समर्थकों, किसान बंधुओं और युवा साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

इस अवसर पर उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों और मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसान, मजदूर, नौजवान और कमजोर वर्ग के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.