Thursday, July 30, 2026

KASGANJ: भाई को बचाने के लिए मौत से भिड़ीं दो बहनें, गंगा में डूबकर चली गईं जिंदगी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 25, 2026

KASGANJ: भाई को बचाने के लिए मौत से भिड़ीं दो बहनें, गंगा में डूबकर चली गईं जिंदगी

12 वर्षीय भाई की जान बचाने में सफल रहीं सलोनी और कोमल, लेकिन खुद गहरे पानी में समा गईं; पूरे गांव में शोक की लहर

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव मुजफ्फरनगर में गंगा स्नान के दौरान भाई को बचाने के प्रयास में दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बहनों की पहचान 16 वर्षीय सलोनी और 14 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी इंद्रपाल कश्यप के तीन बच्चे सलोनी, कोमल और 12 वर्षीय शिवनेश गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान शिवनेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देखकर दोनों बहनें बिना अपनी परवाह किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ीं।

बहनों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए शिवनेश को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन इस दौरान वे स्वयं गहरे पानी में फंस गईं और डूबने लगीं। आसपास स्नान कर रहे सनी और जीतपाल ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे पानी में समा चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कोमल को पानी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी सहावर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं बड़ी बहन सलोनी की तलाश लगातार जारी रही। सूचना पर थाना प्रभारी पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों, प्रशासन और राहत दल की मदद से करीब साढ़े दस बजे सलोनी का शव भी गंगा से बरामद कर लिया गया। इस दौरान एसडीएम सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

मृतक बहनों के पिता इंद्रपाल कश्यप गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। सलोनी जीएनएम की तैयारी कर रही थी, जबकि कोमल ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। दो बेटियों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

भाई की जान बचाने के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाली इन बहनों की बहादुरी और त्याग की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। जिसने भी घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.