महीनों से नहीं हुई सफाई, सर्विसिंग टैग गायब, कई वाटर कूलरों की टंकियां तक लापता; अब जिलाधिकारी प्रणय सिंह से हस्तक्षेप की मांग
गंजडुंडवारा। नगर पालिका परिषद द्वारा आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए वाटर कूलरों की बदहाली उजागर होने के बाद भी हालात में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जनस्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने और तस्वीरें सामने आने के बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में अब नगरवासी जिलाधिकारी प्रणय सिंह से सीधे हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
नगर के विभिन्न स्थानों पर लगे कई वाटर कूलरों पर आज भी सफाई की तिथि और सर्विसिंग का कोई रिकॉर्ड अंकित नहीं है। कई स्थानों पर पानी की टंकियां गायब हैं, जबकि कुछ वाटर कूलर खराब हालत में पड़े हुए हैं। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा न तो कोई विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया और न ही सर्विसिंग टैग लगाकर आमजन को यह जानकारी दी गई कि इन वाटर कूलरों की आखिरी बार सफाई कब कराई गई थी।