Thursday, July 30, 2026

बरेली एयरपोर्ट पर अक्षय ने खाया दिशा के घर का खाना

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 23, 2026

बरेली एयरपोर्ट पर अक्षय ने खाया दिशा के घर का खाना

जागरण टुडे, बरेली

बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार, अभिनेत्री दिशा पाटनी, भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और हास्य कलाकार राजपाल यादव मंगलवार को बरेली एयरपोर्ट पहुंचे। फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के प्रमोशनल कार्यक्रम के सिलसिले में मुरादाबाद जाते समय सितारों ने कुछ समय के लिए बरेली एयरपोर्ट पर ठहराव किया। इस दौरान सबसे दिलचस्प बात यह रही कि अक्षय कुमार ने दिशा पाटनी के घर से मंगवाया गया घरेलू भोजन पसंद किया और पूरी टीम ने साथ बैठकर भोजन किया।

जानकारी के अनुसार फिल्म की टीम प्राइवेट जेट से बरेली पहुंची थी। यहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए मुरादाबाद रवाना होना था। एयरपोर्ट पर करीब पांच मिनट के ठहराव के दौरान कलाकारों की मौजूदगी से वहां हलचल बढ़ गई और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।


अक्षय की इच्छा पर घर से पहुंचा भोजन

बताया गया कि मुंबई से रवाना होने से पहले अक्षय कुमार ने दिशा पाटनी से कहा था कि बरेली में कुछ समय का ठहराव रहेगा, ऐसे में यदि संभव हो तो घर का खाना मंगवा लिया जाए। इसके बाद दिशा ने अपने पिता जगदीश पाटनी से संपर्क कर इसकी जानकारी दी।

दिशा के पिता ने बताया कि बेटी का फोन मिलने के बाद घर पर तुरंत भोजन तैयार कराया गया। खाने में कढ़ी, दही, मिक्स सब्जी और रोटियां शामिल थीं। तय समय पर भोजन एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जिसे कलाकारों ने पसंद किया।

सुरक्षा के चलते बाहर हुई मुलाकात

जगदीश पाटनी जब भोजन लेकर एयरपोर्ट पहुंचे तो सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर दिशा पाटनी और पूरी टीम एयरपोर्ट लाउंज के बाहर पहुंची। वहीं दिशा ने अपने पिता की मुलाकात अक्षय कुमार और अन्य कलाकारों से कराई।

मुलाकात के दौरान कलाकारों और दिशा के पिता के बीच पारिवारिक बातचीत भी हुई। साथ ही फोटो सेशन भी किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों में भी सितारों को करीब से देखने का उत्साह दिखाई दिया।

सितारों के आगमन से बढ़ी हलचल

बरेली एयरपोर्ट पर फिल्मी सितारों के पहुंचने की खबर मिलते ही लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से ही आवश्यक इंतजाम कर रखे थे। हालांकि कलाकारों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और कोई औपचारिक बातचीत नहीं की।

26 जून को रिलीज होगी फिल्म

निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ एक मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म है। फिल्म में अक्षय कुमार, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, आफताब शिवदासानी और उर्वशी रौतेला समेत कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। साजिद नाडियाडवाला और स्टार स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.