ग्रामीणों ने लगाए युवक-युवतियों के बीच संपर्क कराने के आरोप, पुलिस ने कहा- सभी तथ्यों की जांच जारी
गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे,कासगंज।
जनपद कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला पल्टू गांव में एक वृद्ध व्यक्ति के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग लगभग 70 वर्षीय रामविलास पुत्र बेणीराम का मुंह काला कर उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाए हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा डंडों से मारपीट किए जाने का भी दृश्य सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रामविलास गांव के युवक-युवतियों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत और संपर्क स्थापित कराने का कार्य करते थे। इस संबंध में गांव की एक महिला के विरुद्ध भी शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ताओं में गौरव पुत्र रामप्रकाश, जयसिंह पुत्र केदार तथा राजेश पुत्र खूबे सहित अन्य ग्रामीण शामिल बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस को कुछ ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि ऑडियो की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है और उनकी जांच की जा रही है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लोकेश भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, शिकायतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मामला जांचाधीन है।