छह पुलिस टीमें जुटीं जांच में, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार; परिजनों ने जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहारपुर में चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले में शनिवार देर शाम एडीजी जोन आगरा एस.के. भगत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच और कार्रवाई की समीक्षा की। एडीजी ने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
ज्ञात हो कि 6 जून को बहारपुर निवासी चार वर्षीय मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों और पुलिस ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 9 जून को बच्ची का शव घर के निकट खेतों में बरामद हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।
खुलासे के लिए छह टीमें कर रहीं लगातार काम
हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने छह विशेष टीमें गठित की हैं। एडीजी एस.के. भगत ने बताया कि सभी टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जा रहा है तथा डीएनए सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, कोतवाली प्रभारी राधेश्याम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने एडीजी को मामले में अब तक की कार्रवाई, जांच की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
परिजनों में बढ़ रही बेचैनी, न्याय की लगाई गुहार
घटना के 12 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद हत्याकांड का खुलासा न होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी और बेचैनी बनी हुई है। परिजनों ने अधिकारियों से जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए पुलिस को शीघ्र परिणाम सामने लाने चाहिए।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात, लगाए गए सीसीटीवी कैमरे
पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर के आसपास पुलिस बल तैनात कर रखा है। दिन और रात दोनों समय पुलिसकर्मी क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। परिवार की मांग पर घर के आसपास चार सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा सके।