सेवा, सुशासन और जनकल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनसंपर्क अभियान के तहत हुआ आयोजन
जागरण टूडे, कासगंज।
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शनिवार को भाजपा मंडल कासगंज नगर द्वारा ग्राम पवसरा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
ग्राम चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह भल्ला उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. खूब सिंह लोधी ने सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने देश के विकास, सुशासन और आमजन के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है।
वक्ताओं ने कहा कि भारत आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ संवाद भी स्थापित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे तथा सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। भाजपा पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को जनहित में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
ग्राम चौपाल में भाजपा जिला उपाध्यक्ष के.पी. सिंह, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज शर्मा, ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, पंचायत सचिव दलवीर सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।