गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम सोरों क्षेत्र स्थित लहरा गंगा घाट के समीप बने अपना घर आश्रम में आयोजित किया गया, जहां आश्रम में निवास कर रहे जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत राहुल गांधी के चित्र के समक्ष केक काटकर की गई। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय एवं कांग्रेस नेता मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने आश्रम में रहने वाले लोगों को अपने हाथों से केक खिलाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आश्रम के सभी निवासियों के बीच फल और केक का वितरण किया गया।
बताया गया कि अपना घर आश्रम में करीब 51 ऐसे लोग रह रहे हैं, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ या परित्यक्त हैं तथा जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। सामाजिक संस्था द्वारा संचालित यह आश्रम ऐसे लोगों की सेवा और देखरेख का कार्य कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आश्रम पहुंचकर वहां के लोगों के साथ समय बिताया और उनके बीच अपनत्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज उठाने का कार्य करते रहे हैं। उनके जन्मदिन को सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाना उनके विचारों को सम्मान देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम में मौजूद लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन में आत्मीयता और सामाजिक संवेदनशीलता का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत, रविकांत सक्सेना, विमल कुमार सिंह, रमेश धनगर, प्रतिभा सिंह, अर्चिका मिश्रा, गुलफाम सिंह, अली हसन, उषा पाल, देशबंधु, नूर मोहम्मद, दीपक धनगर, अभिषेक दुबे, राजा सलमानी, जाहिरुद्दीन, परी, मानसी, गुंजन, वंदना, महक सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।