जागरण टुडे,कासगंज (राहुल गुप्ता)
पटियाली। केंद्र में प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड पटियाली के ग्राम रतनपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यों तथा आमजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौरव गुप्ता ने सहभागिता करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. नीरज किशोर मिश्रा ने कहा कि सरकार की नीतियों ने गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे।
चौपाल में मण्डल अध्यक्ष अवधेश दुबे, मण्डल महामंत्री अवधेश पाण्डेय, ग्राम प्रधान, एडीओ पंचायत हरिकिशोर, ग्राम सचिव अजय शर्मा, शिवपाल, संदीप तोमर, सोमेश, सेक्टर संयोजक, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
ग्राम चौपाल का समापन राष्ट्रहित एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।