गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र स्थित हजारा नहर में शुक्रवार को दो अज्ञात बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। अचानक दो बच्चों के शव मिलने की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार थाना ढोलना क्षेत्र में नई नहर झाल पुल के निकट हजारा नहर में दो बच्चों के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस द्वारा मौके पर जांच-पड़ताल करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा गया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक बच्चे की उम्र लगभग 16 वर्ष तथा दूसरे की उम्र करीब 11 वर्ष बताई जा रही है। दोनों बच्चों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के गांवों और निकटवर्ती थानों से संपर्क स्थापित कर लापता बच्चों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों बच्चे कौन हैं और वे यहां तक कैसे पहुंचे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र राजपूत ने बताया कि दोनों शवों की शिनाख्त कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कराई गई है तथा संबंधित थानों से भी संपर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शवों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।