केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को आधार बनाकर काम किया है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के रोजगार और कौशल विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं।
प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, उद्योग, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुलिस विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, यूपी नेडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और एक जनपद-एक उत्पाद सहित कई विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। मंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों की संख्या की जानकारी ली।
मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री का अवलोकन किया तथा एक जिला-एक व्यंजन योजना के अंतर्गत तैयार व्यंजनों का स्वाद भी लिया। इसके अलावा जैविक खेती से तैयार सब्जियों के बारे में जानकारी लेते हुए किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चेक, प्रमाणपत्र, टूलकिट और सम्मान पत्र वितरित किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सपेरा समाज की महिलाओं को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट प्रदान किए गए। श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से पोषण संबंधी सामग्री उपलब्ध कराई गई।
समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों को पाठ्य सामग्री और पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि सरकार की विकास यात्रा केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहभागिता का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के साथ योजनाओं को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ लागू किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल ने सूचना विभाग की दो एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिलेभर में भ्रमण कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे तथा लोगों को जागरूक बनाएंगे।
इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।